Weekly Current Affairs in Hindi (साप्ताहिक करेंट अफेयर्स) (20 Sepetember to 26 September 2021):-

1. राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार(National Florence Nightingale Award 2020 )

हाल ही में भारत के राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद  ने  सैन्य नर्सिंग सेवा की उपमहानिदेशक ब्रिगेडियर ‘एस.वी. सरस्वती’ को ‘राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार-2020’ (National Florence Nightingale Award 2020 ) से सम्मानित किया। राष्ट्रपति द्वारा यह पुरस्कार नर्स प्रशासक के रूप में ब्रिगेडियर ‘एस.वी. सरस्वती’ के सैन्य नर्सिंग सेवा में महत्त्वपूर्ण योगदान को देखते हुए दिया गया है। ब्रिगेडियर सरस्वती आंध्र प्रदेश के चित्तूर ज़िले की निवासी हैं तथा  उन्होंने 28 दिसंबर, 1983 को सैन्य नर्सिंग सेवा में कार्य शुरू किया था। उन्होंने सैन्य नर्सिंग के क्षेत्र में साढ़े तीन दशक से अधिक समय तक सेवा की है।

"राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार"(National Florence Nightingale Award) के बारे में:-

"राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार" ऐसा सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान है, जिसे किसी नर्स को उनकी निःस्वार्थ सेवा और असाधारण कार्यकुशलता के लिए प्रदान किया जाता है। विदित हो कि केंद्र सरकार ने समाज के प्रति नर्सों की उल्लेखनीय सेवा को मान्यता देते हुए वर्ष 1973 में इस पुरस्कार की शुरुआत की थी।

 

2. मार्शल वी.आर. चौधरी भारतीय वायु सेना के अगले  प्रमुख नियुक्त

हाल ही में केंद्र सरकार ने भारतीय वायु सेना के उप-प्रमुख एयर मार्शल वी.आर. चौधरी को वायु सेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया गया है। वी.आर. चौधरी वर्तमान वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आर.के.एस. भदौरिया का स्थान ग्रहण करेंगे जो कि 30 सितंबर को सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। एयर मार्शल वी.आर. चौधरी को दिसंबर 1982 में भारतीय वायुसेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन किया गया था। वह जुलाई माह से  भारतीय वायु सेना के उप-प्रमुख के रूप में कार्य कर रहे थे.

भारतीय वायु(Indian Air Force) सेना के बारे में:-

भारतीय वायुसेना (इंडियन एयरफोर्स) की स्थापना 8 अक्टूबर 1932 को की गयी थी. इंडियन एयरफोर्स के वायुयान ने अपनी पहली उड़ान 1 अप्रैल, 1933 को भरी थी। भारत की स्वतन्त्रता से पहले इसे रॉयल इंडियन एयरफोर्स के नाम से जाना जाता था तथा  स्वतंत्रता मिलने के बाद 1950 में  इसमें से "रॉयल" शब्द हटाकर सिर्फ "इंडियन एयरफोर्स" कर दिया गया।  भारतीय सेना का आदर्श वाक्य 'नभ: स्पृशं दीप्तम'है, जो की गीता के 11वें अध्याय से लिया गया है. आजादी के बाद सर थॉमस डब्ल्यू एल्महर्स्ट को भारतीय वायु सेना का पहला चीफ, एयर मार्शल बनाया गया था। वह 15 अगस्त 1947 से 22 फरवरी 1950 तक इस पद पर रहे थे। 

 

3. 500 फुट पर दुनिया का सबसे ऊँचा इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन(world's highest electric vehicle charging station)

हाल ही में स्थायी पर्यावरण को बढ़ावा देने के  के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति ज़िले के ‘काज़ा’ में दुनिया के सबसे ऊँचे (500 फीट ऊँचा) इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन (world's highest electric vehicle charging station)का उद्घाटन किया गया है।  गो इगो (go ego) नेटवर्किंग कंपनी ने  इलेक्ट्रिक वाहनों के इस  चार्जिंग स्टेशन को स्थापित किया  है।

 

4. भारत वैश्‍विक नवाचार सूचकांक 2021 (Global Innovation Index-GII 2021) की रैंकिंग में 46वें स्‍थान पर

विश्व बौद्धिक संपदा संगठन की वैश्विक नवाचार सूचकांक 2021 रैंकिंग में भारत दो स्थान ऊपर 46 वें स्थान पर आ गया है।  पिछले वर्ष यानि 2020 में वैश्विक नवाचार सूचकांक (Global Innovation Index-GII) में भारत को 48वाँ स्थान प्राप्त हुआ था. भारत पिछले कई वर्षों में वैश्विक नवाचार सूचकांक (जीआईआई) की रैंकिंग  में लगातार सुधार कर रहा है। भारत इस रैंकिंग में 2015 में 81 से 2021 में 46 स्थान पर आ गया है। 2015 में वह 81वें स्‍थान पर था और इस वर्ष 46वें स्‍थान पर आ गया है।

 

विश्व बौद्धिक संपदा संगठन (World Intellectual Property Organization:WIPO) के बारे में:-

विश्व बौद्धिक संपदा संगठन (World Intellectual Property Organization:WIPO), संयुक्त राष्ट्र(UN)की सबसे पुरानी एजेंसियों में से एक है।

इसकी स्थापना 14 जुलाई 1967 में हुई थी।विश्व बौद्धिक संपदा संगठन(World Intellectual Property Organization:WIPO) का मुख्यालय जिनेवा, स्विट्ज़रलैंड में है। प्रत्येक वर्ष 26 अप्रैल को विश्व बौद्धिक संपदा दिवस मनाया जाता है। अभी 191 देश इसके सदस्य हैं भारत वर्ष 1975 में WIPO का सदस्य बना था।

 

 

5. तीसरा राज्य खाद्य सुरक्षा सूचकांक‚ 2020-21

हाल ही में भारतीय खाद्य संरक्षा एवं सुरक्षा मानक प्राधिकरण (FASSI) द्वारा तीसरा राज्य खाद्य सुरक्षा सूचकांक (State food safety Index), 2020-21 जारी किया। गया. वर्ष 2020-21 की रैंकिंग के आधार पर 9 प्रमुख राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों को उनके प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया।

इनमें गुजरात, केरल, तमिलनाडु, गोवा, मेघालय, मणिपुर, केंद्र शासित प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, अंडमान व नोकोबार द्वीप समूह व नई दिल्ली शामिल हैं.

 

भारतीय खाद्य संरक्षा एवं सुरक्षा मानक प्राधिकरण (FASSI) के बारे में

भारतीय खाद्य संरक्षा एवं सुरक्षा मानक प्राधिकरण (FASSI) का संचालन भारत सरकार के स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत किया जाता है। इसका मुख्‍यालय दि‍ल्ली में स्थित है. केंद्र सरकार ने खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण का गठन किया था। इसका उद्देश्य खाद्य सामग्री के लिये मानकों का निर्माण करना तथा खाद्य पदार्थों के विनिर्माण, भण्डारण, वितरण, विक्री तथा आयात आदि को नियन्त्रित करना है ताकि खाद्य सामग्री मानव-उपभोग के लिये सुरक्षित तथा सम्पूर्ण आहार युक्त हो सके।

 

 

6. भारत और इंडोनेशिया के बीच नौसेना अभ्यास 'समुद्र शक्ति' (Samudra Shakti) का तीसरा संस्करण

20-22 सितंबर, 2021  के बीच भारत और इंडोनेशिया के बीच नौसेना अभ्यास 'समुद्र शक्ति' (Samudra Shakti) का तीसरा संस्करण आयोजित किया गया.

नौसेना अभ्यास 'समुद्र शक्ति' (Samudra Shakti) के बारे में

 भारत की एक्ट ईस्ट नीति के मद्देनज़र अभ्यास 'समुद्र शक्ति'(Samudra Shakti) की कल्पना वर्ष 2018 में की गई थी। इस अभ्यास का उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत करना, भारत और इंडोनेशिया नौसेनाओं के बीच समुद्री संचालन में आपसी समझ को साझा करना है. इसके अलावा भारत इंडोनेशिया के साथ अन्य सैन्य अभ्यास गरुड़ शक्ति , इंड-इंडो काॅर्पेट, इंड-इंडो बिलट करता है।

 

7. भारत-नेपाल संयुक्त सैन्य प्रशिक्षण अभ्यास ‘सूर्य किरण’

20 सितम्बर से  उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में  15वां भारत-नेपाल संयुक्त बटालियन स्तर का सैन्य प्रशिक्षणअभ्यास 'सूर्य किरण' शुरू हुआ, यह अभ्यास दिनांक 03 अक्टूबर 2021 तक चलेगा। 14 दिवसीय इस संयुक्त युद्धाभ्यास में भारत-नेपाल  के 650 अधिकारी और सैनिक आतंकवादी गतिविधियों, युद्ध कौशल और तकनीक के साथ ही आपदा से निपटने की बारीकियां सीखेंगे। इस अभ्यास का पिछला संस्करण नेपाल में रूपेनडेही जिले के सालिजहांडी में 2019 में तीन से 16 दिसंबर तक हुआ था। सैन्य अभ्‍यास सूर्य किरण (Military Exercise 'SURYA KIRAN) एक वार्षिक आयोजन है। नेपाल और भारत में इसका आयोजन बारी-बारी से किया जाता है। इस सैन्य प्रशिक्षण अभ्यास का मुख्य उद्देश्य भारत और नेपाल दोनों देशों की सेनाओं के मध्य बटालियन स्तर के संयुक्त प्रशिक्षण का आयोजन करना है।

 

8. हाइफा दिवस(Haifa Day)

 23 सितंबर को भारतीय सेना द्वारा हाइफा दिवस (Haifa Day)के रूप में मनाया गया.  प्रत्येक साल 23 सितंबर को भारतीय सेना द्वारा हाइफा दिवस के रूप में मनाया जाता है।  हाइफा दिवस(Haifa Day) का मुख्य उद्देश्य हाइफा के युद्ध में लड़ने वाले भारतीय सैनिकों के प्रति सम्मान प्रकट करना है।

हाइफा का इतिहास:-

हाइफा का युद्ध (Haifa War) 23 सितंबर, 1918 को हुआ था, जोधपुर के सरदार रिसाले ने 23 सितंबर, 1918 को मित्र राष्ट्रों की ओर से प्रथम विश्व युद्ध में भाग लेकर जर्मनी व तुर्की के आधिपत्य वाले हाइफा शहर को मुक्त करवाया था। हाइफा युद्ध में भारतीय सेना की ओर से तत्कालीन जोधपुर, मैसूर व हैदराबाद रियासत के सैनिकों ने भाग लिया था। इजरायल के शहर हाइफा पर तुर्की साम्राज्य का कब्जा था। हाइफा को आजाद कराने के लिए जो ब्रिटिश सेना वहां पहुंची थी, उसकी मदद के लिए जोधपुर, मैसूर और हैदराबाद से सैनिकों को भेजा गया। हैदराबाद के निजाम ने जिन सैनिकों को भेजा था, उनको युद्ध बंदियों के प्रबंधन और देखरेख का काम सौंपा गया। मैसूर और जोधपुर की घुड़सवार सैन्य टुकड़ियों को मिलाकर एक खास यूनिट बनाई गई जिसने हाइफा को आजाद कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी । इस युद्ध में लड़ने वाले सैनिकों को सम्मान देते हुए बीते वर्ष भारत सरकार ने दिल्ली स्थित विख्यात तीन मूर्ति मेमोरियल को तीन मूर्ति हाइफा मेमोरियल के रूप में पुनः नामित किया था।